गुरुवार, 21 मई 2026

एक तो नैनाँ कजरारे और तिस पर डूबे काजल में.../ शायर : जां निसार अख़्तर / संगीत : जय देव / गायन : शैला हट्टंगड़ी

https://youtu.be/Hs0jM7xCNow?si=mdnHVmBa3nqLeVaZ


एक तो नैनाँ कजरारे और तिस पर डूबे काजल में
बिजली की बढ़ जाए चमक कुछ और भी गहरे बादल में

आज ज़रा ललचाई नज़र से उस को बस क्या देख लिया
पग-पग उस के दिल की धड़कन उतरी आए पायल में

प्यासे प्यासे नैनाँ उस के जाने पगली चाहे क्या
तट पर जब भी जावे सोचे नदिया भर लूँ छागल में

आज पता क्या कौन से लम्हे कौन सा तूफ़ाँ जाग उठे
जाने कितनी दर्द की सदियाँ गूँज रही हैं पल पल में

हम भी क्या हैं कल तक हमको फिक्र सुखों की रहती थी
आज सुखों से घबराते हैं चैन मिले है हलचल में

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें