गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026

तुम एक बार प्रिय आ जाओ.../ रचना एवं स्वर : माया गोविन्द (१९४०-२०२२)

https://youtu.be/t7NWereIXsk?si=igN7IHKsXbyvRyXX

तुम एक बार प्रिय आ जाओ,
तो आँचल भर सुहाग  ओढ़ूँ।।

काजल आँजूं 
पायल बांधूं 
दृग में झांकूं 
दर्पण तोडूं।।
तुम एक बार प्रिय आ जाओ...

आशायें अलख जगाती हैं
बीमार कल्पना के द्वारे
अधरों ने बंद किवाड़ किए 
नैना जीते, बिना हारे
कोलाहल के बाजारों में
वंदन के छंद बिके सारे
ननदी जैसी नटखट संथ्या 
भर-भर सिंदूर ताने  मारे
तुम मेरा सम्बोधन वर लो
मैं टूटा चन्दन तन जोड़ूं।।
तुम एक बार प्रिय आ जाओ...

कलियां चटकें, डाली लचके 
माली विहंसे, भौंरे झूमे
भौरों के पंख पराग पगे
माली कलियां तोड़े चूमे
एक रसिक और एक व्यापारी
एक लूटे एक बेचे  रितु में
सम्मान सहित मुरझा जाती
मैं खिलती अगर किसी वन में
तुम पवन बनो मुझको छू दो
मैं जूठी पंखुरियां  तोड़ूं ।।
तुम एक बार प्रिय आ जाओ...

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें